अनकही वेदना
तुम्हारे आने की दस्तक से ही
दिल के तारों में झनकार हुई |
हल्का खुशनुमा अहसास जागा,
फिर एक मधुर मुस्कान खिली||
एक उड़ान ऐसी मन में
उमड़ी,
कि अनकही कड़ी यूँ
ऐसी जुड़ी,
तन अनजाने में ही झूमने
लगा,
पर मन को इसकी सुध न
रही|
बाट जोहते वर्तमान भूत हुआ,
सुदूर कल पल में वर्तमान
हुआ|
तुम्हारे आने के सुखद बोध से,
क्लेश मिटा दर्द भी काफूर हुआ|
माँ बनने से एक नई पहचान
मिली,
रिश्तों में भी एक नई शुरुआत
हुई|
पर हाय ! नवजात को
क्या हुआ?
अभी तो चंगा था, सुन्न
क्यों हुआ?
बच्चे को देख माँ ऐसे सन्न हो गई,
पल भर में ही मानो बदरंग हो गई |
ख़ुशी का ये आलम ग़मगीन हो चला,
सुख–दुःख का ये दौर अब पता चला||
देख माँ की पीड़ा को
सब हुए विकल,
शब्द-कोष सूखे, हुई
सांत्वना विफल |
मौन सन्नाटा पसरा,
आँखें भी पथराईं,
कौन नाप सके इस
दुःख की गहराई?
वेदना के भार का जब हुआ तीव्र वार,
निकली एक हिचकी बह चली अश्रु धार|
सूनी गोंद माँ ने जब घर में रखा पैर,
दबी हुई सिसकी की फूट पड़ी चीत्कार||
-राय साहब पांडेय
समर्पित: मातृ-दिवस पर उन सभी माँओं को जिन्हें कभी भी इस दुःख से आत्मसात होना पड़ा हो |

No comments:
Post a Comment